2. 44 करोड़ से तर होंगे लोगों के हलक

घुमारवीं (बिलासपुर)। भपराल, लडियाणी, सुमाणी, भराड़ी और इससे सटे इलाकावासियों के लिए अच्छी खबर है। इलाके में अब लोगों को पेयजल संकट से नहीं जूझना पड़ेगा। इलाके के लिए 2.44 करोड़ की पेयजल योजनाएं स्वीकृत हुई है। इनमें से अभी तक 58.54 लाख रुपए खर्च भी कर दिए गए हैं। घुमारवीं चुनाव क्षेत्र के अंतर्गत गांव भपराल के पंचायत घर में लोगों की समस्याएं सुनने पहुंचे मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा होने से इन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या दूर होगी। भपराल-बणी-बडौण के लिए उठाऊ सिंचाई योजना बनाई जाएगी। इसके लिए विभाग को डीपीआर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को दूर करने केलिए प्रदेश सरकार कृत संकल्प है। उन्होंने अपील की है कि अधिकतर मामले पंचायत प्रतिनिधि अपने स्तर पर निपटा लें। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे ग्रामीण समस्याओं को तत्परता से उठाएं। केंद्र सरकार करोड़ों रुपए की पेयजल तथा सिंचाई योजनाओं को उपलब्ध करवा रही है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को बड़े चैक डैम लगाने के लिए प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने छोटे चैकडैम मनरेगा तथा वाटरशेड के माध्यम से भी लगवाने को कहा। इस अवसर पर धर्माणी ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इनमें से अधिकतर का मौके पर ही निपटारा किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान अनीता, पडयालग पंचायत प्रधान जगीर सिंह मेहता, तलवाड़ पंचायत प्रधान नीलम, पूर्व प्रधान सुखदेव, बलदेव ठाकुर ने भी जनसभा को सभी संबोधित किया।

Related posts