
चंपावत। लोहाघाट में 1496 अतिक्रमणकारी चिह्नित किए गए हैं। अतिक्रमणकारियों ने हालांकि अपनी जमीन के भूमि को फ्रीहोल्ड कराने का आवेदन किया गया था लेकिन उन्होंने अपने कब्जे वाली जमीन पर देवदार के 32 पेड़ सुखा दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर एक साल पहले गठित की गई वन, राजस्व और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने निरीक्षण के बाद शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी को सौंप दी। पेड़ सुखाने के मामले में 18 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। संयुक्त निरीक्षण टीम ने डीएम को बताया कि नौ नवंबर 2011 तक लोहाघाट नगर में 1496 अतिक्रमणकारी चिह्नित किए गए थे। इन लोगों ने 31 मार्च 2012 को कब्जे वाली जमीन के फ्रीहोल्ड के लिए आवेदन किया। संयुक्त निरीक्षण में टीम ने पाया कि लोहाघाट नगर में देवदार के 32 पेड़ों को सुखाया गया है। वन विभाग ने 18 लोगों को चिह्नित किया है। उनके खिलाफ वन संरक्षण एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। डीएम ने कहा कि जिन कब्जेदारों के घर तथा जमीन में सूखा पेड़ मिलता है उनकी फ्रीहोल्ड की कार्रवाई को रोका जाएगा। उन्होंने हरे पेड़ सुखाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सख्त नजर रखी जाए और किसी को भी न बख्शा जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी दीप्ति सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी एके गुप्ता, उपजिलाधिकारी डा. अभिषेक त्रिपाठी, एसडीओ बीएस जीना मौजूद थे।
