18 तक समय, 19 से कटेंगे कनेक्शन

धर्मशाला। बार-बार हिदायत देने के बावजूद विद्युत बोर्ड को अभी तक सैकड़ों उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं करवाया है। अब फिर से विद्युत बोर्ड ने बिल जमा करवाने के लिए 18 सितंबर तक का समय दिया है। इस बार भी बिल जमा नहीं हुए तो 19 सितंबर को विद्युत बोर्ड शहर के 400 उपभोक्ताओं के बिजली के कनेक्शन काट देगा। इनमें सरकारी कार्यालय भी शामिल हैं, जिनकी ओर से भी बिजली के बिलों की अदायगी नहीं हो पाई है।
स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद और डीसी कार्यालय ने भी बिल अदा नहीं किया है। ऐसे में इन कार्यालयों को अब अंतिम तिथि तक बिल जमा करवाना होगा। बोर्ड ने डेढ़ करोड़ रुपये की राशि वसूल करनी है। बोर्ड ने बिजली के कनेक्शन काटने के लिए सभी उपभोक्ताओं को नोटिस भेज दिए हैं। नोटिस में स्पष्ट लिखा है कि अंतिम तिथि तक बिल जमा नहीं हुए तो उनके बिजली के कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। इन उपभोक्ताओं ने बोर्ड को लंबे समय से बिजली का बिल अदा नहीं किया है। कुछेक ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने 8 से 9 माह से बिल ही नहीं भरा है। अब तमाम उपभोक्ताओं को बोर्ड ने नोटिस भेज दिए हैं।
उधर, एसडीओ एसके चड्ढा ने बताया कि 400 उपभोक्ताओं ने बिजली का बिल अदा नहीं किया है। इनसे डेढ़ लाख रुपये के करीब राशि वसूल करनी है। 18 सितंबर तक बिल जमा न करवाने पर 19 तारीख को इनके बिजली के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।

लाखों में देनदारी
नगर परिषद ने बोर्ड को 20 लाख रुपये बिल जमा करवाना है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग पर 6 लाख की देनदारी है। इसके अलावा डीसी कार्यालय ने 7 लाख रुपये के करीब बिलों को चुकता करना है। अब बिल अदा न होने पर कार्यालय के भी बिजली के कनेक्शन काटे जाएंगे।

पहले पांच हजार वालों पर गाज
सितंबर माह में 5 हजार रुपये बिलों वाले उपभोक्ताआें के बिजली के कनेक्शन काटे जाएंगे। अक्तूबर माह से एक हजार और इससे ज्यादा राशि वाले उपभोक्ताओं के बिजली के कनेक्शन कटेंगे। नवंबर में 500 और इससे अधिक राशि वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाएंगे।

Related posts