18वें दिन खुला रुद्रप्रयाग-अगस्त्यमुनि मार्ग

रुद्रप्रयाग। केदारघाटी में आई आपदा के 18वें दिन रुद्रप्रयाग से अगस्त्यमुनि मोटर मार्ग पर यातायात बहाल हो पाया। बीआरओ ने नौला पानी में बुधवार दोपहर एक बजे सड़क को आवागमन के लिए खोल दिया। वहीं बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी सिरोहबगड़ में भी पूर्वाह्न 11.15 बजे से वाहनों का आवागमन शुरू हो गया था।
विगत 16 जून को मंदाकनी नदी की बाढ़ से रुद्रप्रयाग-केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर ध्वस्त हो गया था। तिलवाड़ा-अगस्त्यमुनि के बीच बीआरओ ने सड़क आवाजाही के लिए खोल दी थी, लेकिन रुद्रप्रयाग से करीब छह किमी आगे नौला पानी में सड़क नहीं खुल पाई थी। सोमवार को बीआरओ ने मार्ग को पैदल आवाजाही के लायक बना दिया था।
सड़क के बाधित होने से वाहन चालकों को तिलवाड़ा के लिए रुद्रप्रयाग से दुर्गाधार (18 किमी) और दुर्गाधार से तिलवाड़ा (22 किमी) की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। जबकि रुद्रप्रयाग से तिलवाड़ा की दूरी आठ किमी है। बुधवार को केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के खुलने से अगस्त्यमुनि सहित गुप्तकाशी जाने वाले लोगों को राहत मिली। इधर, बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग रुद्रप्रयाग-श्रीनगर के मध्य सिरोहबगड़ में रात को बारिश होने से बाधित हो गया था, लेकिन बीआरओ ने पूर्वाह्न सवा ग्यारह बजे मार्ग खोल दिया।

Related posts