
अल्मोड़ा। दुग्ध समिति प्रतिनिधियों की यहां हुई बैठक में वक्ताओं ने दुग्ध संघ में चल रही अनियमितताओं पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ प्रशासन जहां दो-दो माह तक कर्मचारियों का वेतन नहीं दे पा रहा है वहीं गत वर्ष कर्मचारियों को बोनस नहीं दिया गया। इसके बावजूद संविदा पर नए कर्मचारियों की नियुक्ति का सिलसिला जारी है। उन्होंने आगामी 17 जुलाई को जिला मुख्यालय में प्र्रदर्शन करने का ऐलान किया।
उन्होंने दुग्ध संघ पर मनमानी का आरोप लगाया और कहा कि समितियों की शिकायतों पर कार्रवाई होना तो दूर समितियों से दुग्ध संघ में आ रहे दूध को कभी क्रीम वेश भुगतान तो कभी खट्टा फटा दिखाकर समितियों को हानि पहुंचायी जा रही है। इस कारण कई समितियां बंदी की कगार पर पहुंच गई है। आरोप लगाया कि दुग्ध संघ प्रशासन राजनीति प्रेरित होकर कुछ लोगों की स्वार्थ सिद्धि में लगा हुआ है। कुछ लोगों को प्रतिनिधि बना दिया जा रहा है तो वहीं कई कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समिति सचिवों को सहायक क्षेत्र पर्यवेक्षक पदों पर नियुक्ति, समिति सचिवों को नियमित मानदेय, समिति को मिलने वाले कमीशन में वृद्धि की मांग पर दुग्ध संघ प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। बैठक में दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष गिरीश चंद्र खोलिया, ब्रह्मानंद डालाकोटी, शिवराज बनौला, गंगा सिंह, आनंद सिंह, ब्रजमोहन, नंदन सिंह, पूरन नाथ आदि मौजूद थे।
