
बैजनाथ (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा की बिलिंग घाटी में 24 अक्तूबर से प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग की प्री वर्ल्ड कप प्रतियोगिता के लिए अब तक 170 देशी-विदेशी पायलटों ने पंजीकरण करवाया है। खेल की सर्वोच्च संस्था पीडब्लयूसीए के दिशा-निर्देशों के तहत प्रतियोगिता में 110 महिला व पुरुष पायलट ही भाग ले सकेंगे। 23 अक्तूबर को प्रतियोगिता के मीट डायरेक्टर देवू चौधरी और विजय सोनी प्रतिभागियों का ट्रायल लेंगे। उसके बाद 110 पायलटों की सूची फाइनल की जाएगी।
अधिकांश विदेशी पायलट पूर्व के वर्षों में विभिन्न अंतरराष्ट्रीय स्तर की मुकाबलों में दी गई परफोरमेंस के आधार प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई हैं। कुछ नए विदेशी पायलट और अधिकांश भारतीय पायलटों को ट्रायल में पास होने की स्थिति में ही अनुमति मिलेगी। पायलटों को बिलिंग से उड़ान भर कर 35 किलोमीटर का सफर सफलतापूर्वक तय करना पडे़गा। खेल के इतिहास में इस मर्तबा सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय स्तर के महिला व पुरुष पायलट प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन व पर्यटन विभाग द्वारा सबसे अधिक इनाम पायलटों के लिए रखे गए हैं। मंगलवार को 160 देशी-विदेशी पायलटों ने बिलिंग से फ्री फ्लायर के रूप में उड़ान भरकर अभ्यास किया। एसडीएम ओपी ठाकुर ने बताया कि प्रशासन पायलटों की सुविधाओं के लिए प्रयासरत हैं।
