16 सागौन के पेड़ों पर चली भू-माफिया की आरियां

विकासनगर। फतेहपुर ग्रांट (हरबर्टपुर) में बीडीएम स्कूल के समीप अवैध प्लाटिंग के लिए 16 संरक्षित प्रजाति के सागौन के पेड़ों का सफाया कर दिया गया। इसके अलावा करीब दो दर्जन से अधिक पेड़ों की हैवी लॉपिंग की गई है। आधा दर्जन पेड़ों की जड़ों को भी खोद दिया गया है। मामले में वन विभाग और दून घाटी विशेष क्षेत्र प्राधिकरण की भूमिका संदिग्ध बनी हुई है।
चकराता वन प्रभाग की चौहड़पुर रेंज में फतेहरपुर ग्रांट में भू माफिया ने हाईवे से 100 मीटर अंदर करीब पांच बीघा भूमि पर प्लाटिंग की हुई है। प्लाटिंग के लिए भूमि पर खडे़ पेड़ों को रात के अंधेरे में चोरी छिपे ठिकाने लगाया जा रहा है। माफिया अपनी करतूत को छिपाने के लिए काटे गए पेड़ों की ठूंठ को मिट्टी से दबा रहे हैं। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी शीशराम सुयाल का कहना है कि भू-स्वामी ने पांच पेड़ों के काटे जाने की अनुमति ली हुई है। यदि अनुमति से ज्यादा पेड़ों का कटान किया गया तो भू-स्वामी के खिलाफ जुर्म काटा जाएगा।
कृषि भूमि पर किसी भी प्रकार की प्लाटिंग अवैध है। लोगों को इस बारे में कई बार आगाह किया जा चुका है। मौके का निरीक्षण कर भू-स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। –माधावानंद जोशी, अवर अभियंता साडा

Related posts