
कपकोट। कपकोट तहसील मुख्यालय में इन दिनों 24 घंटे में तीन से 16 घंटे की बिजली कटौती हो रही है। अधिकतर कटौती रात को हो रही है। रात को ही यहां बारिश से नुकसान भी हो रहा है। बिजली नहीं होने से लोग दहशत में रात गुजारने को मजबूर हैं।
तहसील मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में गत एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। आलम यह है कि क्षेत्र में रात 10 बजे बिजली गुल हो रही है तो सुबह आठ बजे बहाल हो रही है। दिन में भी कई बार बिजली आपूर्ति ठप रहती है। बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है। दैवीय आपदा का प्रकोप भी कपकोट क्षेत्र में सबसे अधिक है। गत दिनों रात को खाईबगड़ में आपदा से एक मकान सरयू में बह गया। जिसमें चार लोग लापता हो गए थे। इसके अलावा सीरी, जौरासी, बमसेरा आदि क्षेत्र में जबरदस्त भूस्खलन हो रहा है। नदी रात को पूरे उफान पर बह रही है। बिजली विभाग का आलम यह है कि वह क्षेत्र में बिजली देने में नाकाम साबित हो रही है। सभासद गिरीश जोशी, कांग्रेस के जिला संगठन मंत्री प्रकाश कांडपाल, पूर्व प्रधान गणेश उपाध्याय, कुंदन कपकोटी, भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश कपकोटी, किशन तिरूवा, गोविंद बिष्ट आदि लोगों ने शीघ्र आपूर्ति बहाल नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। इधर, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता का कहना है कि एक दिन आपूर्ति गड़बड़ाई थी। रात को बिजली कटौती की उनके पास कोई शिकायत नहीं है। यदि शिकायत होगी तो उसे दूर किया जाएगा।
Share
0
inShare.
