15.13 करोड़ में नीलाम गरामोड़ा बैरियर

बिलासपुर। आबकारी एवं कराधान विभाग की टोल टैक्स बैरियर यूनिट गरामोड़ा रविवार को नीलाम कर दी गई। उपायुक्त डा. अजय शर्मा की विशेष उपस्थिति में नगर परिषद के सभागार में आयोजित नीलामी प्रक्रिया में इस यूनिट के लिए महज एक आवेदन आया। ऐसे में एकमात्र आवेदक को वर्ष 2014-15 के लिए यह यूनिट 15,12,99,999 रुपये में आवंटित कर दी गई। पिछले साल की तुलना में यह राशि 1,88,999 रुपये अधिक है।
आबकारी एवं कराधान विभाग की गरामोड़ा टोल टैक्स बैरियर की नीलामी के लिए रविवार का दिन निर्धारित किया गया था। इस यूनिट में गरामोड़ा के साथ ही कोलांवाला टोबा, ग्वालथाई व सैला घोड़ा टोल टैक्स बैरियर भी आते हैं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर परिषद के सभागार में ईटीओ ललित पोसवाल ने नीलामी प्रक्रिया शुरू की। हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि गरामोड़ा यूनिट के लिए केवल एक आवेदन मिला था। ऊना के नंगल निवासी दिलबाग चंद राणा ने इस यूनिट के लिए 15,12,99,999 रुपये की राशि टेंडर में भरी थी।
उपायुक्त डा. अजय शर्मा ने बताया कि पिछले साल गरामोड़ा यूनिट 15,11,11,000 रुपये में नीलाम हुई थी। इस वर्ष एक ही आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसकी राशि पिछले साल की तुलना में 1,88,999 रुपये अधिक है। लिहाजा वर्ष 2014-15 के लिए यह यूनिट दिलबाग चंद राणा को दी गई है।

Related posts