
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के अलसू में घास लाने गया एक 15 वर्षीय किशोर फिसल कर खड्ड में जा गिरा। जहां पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान साथ गए अन्य लोग उसकी मदद को जब तक पहुंचे, वह पानी में डूब चुका था। शव को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद खड्ड से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए यहां के नागरिक अस्पताल भेज दिया है। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक 15 वर्षीय विजय कुमार रविवार दोपहर बाद करीब तीन बजे अपने परिवार व अन्य लोगों के साथ अलसू खड्ड के किनारे घास लेने के लिए गया हुआ था। इस दौरान खड्ड किनारे फिसलन के कारण वह अनियंत्रित हो गया तथा उफनती खड्ड में जा गिरा और डूबने से उसकी मौत हो गई। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए यहां के नागरिक अस्पताल भेज दिया है। इधर, मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर और युवा कांग्रेस सुंदरनगर के प्रधान अजय मोदगिल ने इस घटना पर गहरा शोक जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
