
जसूर (कांगड़ा)। नूरपुर के अंतर्गत जाच्छ गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर अग्निशमन केंद्र के पास चाय की दुकान करने वाले एक 65 वर्षीय वृद्ध को मात्र 15 रुपये के लिए नशे में धुत एक युवक ने मार डाला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार करीब चार बजे भलून गांव का निवासी वकील सिंह पुत्र कीड़ू राम अपने चाय के खोखे पर काम कर रहा था। वहां अश्वनी कुमार पुत्र ओम प्रकाश निवासी गांव जसालता, नूरपुर चाय पीने आया। बताया जा रहा है कि वह नशे में धुत था। चाय पीने के बाद दुकानदार से 15 रुपये को लेकर हुई कहासुनी में अश्वनी कुमार ने तैश में आकर वकील सिंह को थप्पड़ मार दिया। अश्वनी के हाथ में डाले लोहे के कड़े का वार वकील सिंह की कनपटी पर लग गया और वह मौके पर बेेहोश होकर वहीं गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को बुलवाकर वकील सिंह को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों नें उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार आरोपी जाच्छ में ही कैटल फ ीड प्लांट में मजदूरी का काम करता है। पुलिस थाना प्रभारी वृज मोहन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने भादंसं की धारा 302 के तहत मामला दर्ज करके आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उन्होने कहा कि शव सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
