15 दिन से नहीं टपके 85 परिवारों के नल

सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत आयल के पांच गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। इन गांवों में करीब 15 दिन से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण करीब 85 परिवार परेशान हैं। उन्हें पांच किलोमीटर दूर स्थित नाले से पानी ढोना पड़ रहा है। इस कारण ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। खंगू एक, दो और तीन, देहरोग और दिग्गा गांव में नंगाली-घिसोट पेयजल लाइन से पानी की सप्लाई दी जाती है। यह पेयजल लाइन जगह-जगह से टूट गई है। इस कारण इन गांवों में पिछले करीब 15 दिन से पेयजल सप्लाई ठप है।
सप्लाई ठप होने के कारण ग्रामीण पानी के लिए यहां-वहां भटक रहे हैं। पंचायत के उप प्रधान दुनी चंद, वार्ड सदस्य कांता देवी, दौलत राम, किशन, जर्म सिंह, धर्म सिंह, रसालू, सुन्नी राम, जीत सिंह और हेम राज ने बताया कि पानी की सप्लाई ठप होने के कारण उन्हें लगभग पांच किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। इसके अलावा मवेशियों को भी नाले में जाकर पानी पिलाना पड़ता है। उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के कई बार समस्या के बारे में अवगत करवाया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की है कि इन गांवों में पेयजल सप्लाई बहाल करवाई जाए। आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता केवल सिंह ने बताया कि यह समस्या उनके ध्यान में नहीं है। जेई को मौके पर भेजकर समस्या दूर की जाएगी।

Related posts