
रामपुर बुशहर। एसएफआई की रामपुर इकाई ने प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एसएफआई ने विवि की रूसा प्रणाली को पूरी तरह से छात्रों के साथ खिलवाड़ करार दिया है। छात्र संगठन का कहना है कि रूसा के तहत 45 दिन में छात्रों का परीक्षा परिणाम निकाला जाना था, लेकिन अभी तक पहले सेमेस्टर का ही परीक्षा परिणाम नहीं आ सका है। इसके चलते छात्रों को परेशानी हो रही है। छात्र संगठन ने साफ कर दिया है कि अगर 15 दिन में परीक्षा परिणाम नहीं निकाला गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
एसएफआई की सचिव रुचिका का कहना है कि विवि ने रूसा प्रणाली लागू कर 45 दिन के अंदर परिणाम घोषित करने की बात कही थी, लेकिन अभी तक पहले सेमेस्टर का रिजल्ट ही नहीं आया है। इस कारण छात्र परेशान हो रहे हैं। वहीं, सैकड़ों छात्रों को आगे की पढ़ाई करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि परीक्षा परिणाम न आने से वे आगे की पढ़ाई भी नहीं कर पा रहे है। उन्होंने बताया कि यह प्रणाली केवल 100 करोड़ के लालच में शुरू की गई थी, न कि शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए। एसएफआई ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के भीतर पहले सेमेस्टर का परिणाम घोषित नहीं किया तो छात्र संगठन उग्र आंदोलन का रुख करेगा। इसकी जिम्मेवारी पूरी तरह से विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
