
मंडी। सराजघाटी में गत दिनों भारी बारिश से हुई तबाही को लेकर प्रभावित क्षेत्रों के पंचायतों का प्रतिनिधिमंडल विधायक एवं भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर की अगुवाई में उपायुक्त देवेश कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन ने मांग की है कि बाढ़ से जबाल खड्ड पर पुल ध्वस्त होने के कारण पूरी जंजैहली घाटी का संपर्क कटा हुआ है। बिजली, पेयजल की आपूर्ति ठप पड़ी है। जिन बागवानों के सेब बगीचे और लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें शीघ्र ही राहत प्रदान की जाए।
विधायक जयराम ठाकुर ने कहा कि पूरी सराज घाटी में बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। बगस्याड़ के पास पुल टूटने के कारण तहसील मुख्यालय थुनाग से जंजैहली घाटी के छतरी, कल्हनी का सारा क्षेत्र यातायात के लिए बंद हो गया है। सेब सीजन शुरू होने वाला है। लोगों की नकदी फसलें मटर, आलू, गोभी मंडी तक न पहुंचने से खराब हो रही है। उन्होंने प्रशासन से 15 दिन के भीतर यातायात बहाल करने की मांग की है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पुल के काम में तेजी लाई जाए और शीघ्र ही यातायात बहाल किया जाए। प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए। उपायुक्त देवेश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि बगस्याड़-जंजैहली सड़क को शीघ्र ही बहाल किया जाएगा। पुल का काम शुरू किया गया है। पेयजल और बिजली आपूर्ति को भी जल्द ही सुचारु कर दिया जाएगा। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य दीवान चंद, जिला भाजपा के सचिव चमन ठाकुर, कांढ़ा पंचायत प्रधान रजनी ठाकुर, मुरहाग की प्रधान मीनाक्षी ठाकुर, प्रधान ग्राम पंचायत पखरेर पार्वती, बीडीसी मेंबर कमला आदि मौजूद रहे।
