14 तोले सोना और 45 हजार पर हाथ साफ

फतेहपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना फतेहपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत मनोह सिहाल के गांव परड़ाह में रात को अज्ञात चोर एक घर से लाखों के गहने और हजारों की नकदी उड़ा ले गए। पुलिस जानकारी के अनुसार राकेश कुमार निवासी परड़ाह ने शिकायत दर्ज करवाई है कि बुधवार रात को चोर उसके घर से करीब 14 तोले सोने के आभूषण और 45 हजार रुपए की नकदी चुरा ले गए। वारदात का पता वीरवार सुबह लगा जब शिकायतकर्ता ने कमरे की अलमारी जिसमें गहने व नकदी रखी थी, खुली देखी। राकेश कुमार के मुताबिक रात को परिवार के सभी सदस्य घर पर ही मौजूद थे। जिस कमरे में चोरों ने सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया, वहां कोई भी नहीं सोया था। हालांकि, शिकायतकर्ता की माता कमरे के बाहर बरामदे में सोई हुई थी। फतेहपुर थाना के एएसआई रूप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts