13 प्रत्याशियों ने कराया नामांकन

श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के बिड़ला परिसर में नामांकन के पहले दिन 13 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। महासचिव तथा सह सचिव के पद पर एक-एक, उपाध्यक्ष पर पांच, कोषाध्यक्ष के लिए चार तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर दो प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। पहले दिन अध्यक्ष पद पर एक भी नामांकन नहीं हुआ।
गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में नामांकन के पहले दिन काफी गहमागहमी रही। सुबह से ही छात्रों में प्रत्याशियों को जानने की जिज्ञासा दिखाई दी। कई प्रतिनिधियों ने नामांकन से पूर्व कक्षाओं में पहुंचकर सभाएं भी की। नामांकन के पहले दिन सचिव पद पर रितांशु कंडारी, उपाध्यक्ष पद पर उत्कर्ष बमराड़ा, सूरज, तरुण रौथाण, विकास सिंह, हिमांशु तिवारी, सह सचिव विशाल यादव, कोषाध्यक्ष पद पर नवीन कुमार पंत, रविंद्र कुमार सती, सौरव नौटियाल व रज्जी तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर संगीता बडोनी और नरेंद्र सिंह ने नामांकन किया।

पाबंदी के बावजूद नहीं उतरी प्रिंटेड टी-शर्ट
श्रीनगर। चुनाव आयोग की पाबंदी के बावजूद बिड़ला परिसर में नामांकन के पहले दिन प्रिंटेड टी-शर्ट पहने युवाओं की भरमार दिखाई दी। टी-शर्ट पहनकर प्रत्याशी समर्थक दिनभर कैंपस में घूमते रहे, लेकिन चुनाव अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। चुनाव अधिकारी प्रो. एसएस देव ने कहा कि टी-शर्ट पहने कई समर्थकों से बात की गई। मंगलवार से कोई भी समर्थक टी-शर्ट नहीं पहनेगा।

शपथ पत्र भरवाने पर भड़क गए छात्र नेता
श्रीनगर। नामांकन के समय प्रत्याशियों से आपराधिक मुकदमा न चलाने संबंधी शपथ पत्र भरवाने पर दोपहर बाद छात्र नेता भड़क गए और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पहले विवि यह शपथ पत्र नहीं भरवा रहा था, लेकिन बाद में यह नियम जारी किया गया। चुनाव अधिकारी प्रो.एसएस देव ने बताया कि लिंगदोह कमेटी के नियम चार और पांच के तहत यह शपथ पत्र भरवाया जा रहा है। जिन छात्रों पर कोई आपराधिक मुकदमा चल रहा हो, उन्हें चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं है।

Related posts