
बिलासपुर। गली क्या और मोहल्ले क्या। जहां भी जाएं सिर्फ अंधेरा। लोगों के घर रंग-बिरंगी रोशनियों से जरूर रोशन हैं। आम जनमानस की सुविधा के लिए लगी स्ट्रीट लाइटें बंद। बिल जमा नहीं होने पर बिजली बोर्ड ने शहर की लगभग 1200 स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काट दिए हैं। वीरवार रात से शहर में अंधेरा पसरने लगा है। पहले ही दिन शहर में बत्ती गुल रहने से लोगों में हड़कंप मच गया। आम तौर पर रातों को जिन गलियों में रौनक छाई रहती थी, वहां भी अब सन्नाटा है।
शहर में स्ट्रीट लाइटें बंद होने से लोग रात को घरों से बाहर निकल रहे। चोरी-चकारी की घटनाएं बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। दुकानदार अपनी सुरक्षा संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं तो अन्य लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर। शहरवासियों का कहना है कि रोशनी नहीं होगी तो चोर अंधेरे का फायदा उठा सकते हैं। कालेज चौक, बस स्टैंड चौक, गुरुद्वारा चौक समेत अन्य कई इलाकों में देर रात तक रौनक रहती थी। अब स्ट्रीट लाइटें कटने से यहां भी अंधेरा पसर गया है। सरकार को इस बारे में उचित कदम जल्द से जल्द उठाना चाहिए। शहर के दिलीप कुमार का कहना है कि बिजली गुल होना दुर्भाग्य पूर्ण है। कई गलियों में रात के अंधेरे के दौरान गुजरना मुश्किल है। सांप निकलने का भी खतरा रहता है। शहर के नरेंद्र, विजय, अनूप कुमार, कर्ण, रजनीश, नवीन, जगन ठाकुर, राजकुमार ने कहा कि बिजली गुल होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रात को जहां रौनक रहती थी वहां भी अब अंधेरा पसरने लगा है।
