120 सीमेंट बैग दबाने का आरोप

चंबा। झुलाड़ा पंचायत के वार्ड पंचों ने पंचायत प्रधान पर मनरेगा के कार्यों के लिए जारी सीमेंट दबाए रखने की शिकायत उपायुक्त से की है। मंगलवार को ठाकरौथा-2 के वार्ड पंच परसराम, झुलाड़ा के पंच कर्म सिंह, घैरूंडा की पंच प्रेमो देवी व ठाकरौथा-1 की पंच हिलो देवी ने उपायुक्त संदीप कदम को एक ज्ञापन सौंप कर पंचायत प्रधान पर मनरेगा कार्यों के करीब 120 सीमेंट बैग जारी नहीं करने का आरोप लगाया है। इन सभी ने उपायुक्त को बताया कि एक जून को मनरेगा के तहत निर्माण कार्य के मस्ट्रोल निकाले गए थे और 26 जून को निर्माण कार्यों के लिए सरकारी सीमेंट जारी किया गया। उन्होंने कहा कि तीन कार्यों के लिए तय सीमेंट पूरा नहीं दिया गया। जबकि दो कार्यों का सीमेंट ही नहीं दिया गया था। उन्होंने बताया कि उन सभी ने पंचायत सचिव को 10 सितंबर को लिखित तौर पर इससे अवगत करवाया था। पंचायत सचिव ने 16 सितंबर को बीडीओ चंबा को लिखा और बीडीओ चंबा ने 24 सितंबर को पंचायत घर में आकर पूछताछ की तो प्रधान ने कहा कि वह दो दिन में सीमेंट जारी कर देगा। इसके बाद भी प्रधान ने सीमेंट जारी नहीं किया। फिर उन्होंने एडीएम चंबा को आठ नवंबर को ज्ञापन सौंप कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है और मनरेगा के काम प्रभावित हो रहे हैं। इस पर उपायुक्त ने आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। उधर, पंचायत प्रधान भगत सिंह ने कहा कि उन्होंने सीमेंट जारी कर दिया था। पंचों से उनकी नहीं बनती है, इसलिए ऐसे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को बीडीओ चंबा भी जांच के लिए पहुंच रहे हैं, उन्हें सारी जानकारी दे दी जाएगी।

Related posts