
शिमला।(वीरेन्द्र खागटा)प्रदेश हाईकोर्ट ने अधीनस्थ न्यायालयों में क्लर्कों की भर्ती के लिए ली बहु-विकल्पीय परीक्षा प्रश्न (मल्टीपल च्वायस) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। 23 फरवरी को परीक्षा हुई थी। परीक्षा में 12 हजार 170 प्रार्थियों ने हिस्सा लिया था। इसमें से 849 को ही अगले चरण के लिए चयनित किया है। इन्हें कॉल लेटर भेजे जा रहे हैं। हर वर्ग में विज्ञापित कुल पदों के पांच गुना प्रार्थियों को शॉर्ट लिस्ट किया है।
इसमें अंतिम कट ऑफ के बराबर अंक हासिल करने वाले सभी प्रार्थी शामिल हैं। सामान्य वर्ग में 452, अनुसूचित जाति में 203, अनुसूचित जनजाति में 52, अन्य पिछड़ा जातियों में 129 और शारीरिक रूप से विकलांग 13 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया है। सामान्य वर्ग के प्रार्थियों के लिए कट ऑफ अंक 41, अनुसूचित जाति वर्ग में 36, अनुसूचित जनजाति वर्ग में 37, अन्य पिछड़ा वर्ग में 35 और शारीरिक रूप से अक्षम व्यक्तियों के लिए कट ऑफ 35 तय की है। शार्ट लिस्ट किए गए एससी, एसटी और शारीरिक रूप से विकलांग प्रार्थियों के लिए लिखित / टंकण टेस्ट 15 मार्च को और सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रार्थियों के लिए लिखित / टंकण टेस्ट 16 मार्च को होगा। यह हाईकोर्ट परिसर में होगा। सभी प्रार्थियों के परिणाम, शार्ट लिस्ट प्रार्थियों की मेरिट सूची और उनके लिए महत्वपूर्ण सूचनाएं हाईकोर्ट की वेबसाइट http//hphighcourt.nic.in पर उपलब्ध है।
