12 वायरल पीड़ितों के सैंपल लिए, एक दून रेफर

नैनबाग (टिहरी)। जौनपुर के गांवों में फैले वायरल पर नियंत्रण पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की 10 सदस्यीय टीम गांवों में तैनात कर दी गई है। टीम के सदस्यों ने शनिवार को 12 वायरल पीड़ितों का उपचार किया। कई लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए। ठलवाल गांव की सुमित्रा (20) की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे देहरादून रेफर किया गया है।
15 दिन से ठलवाल गांव, बनोगी, कैंपटी में वायरल फैला है। बृहस्पतिवार रात ठलवाल गांव की एक 6 साल की बच्ची ने दम तोड़ दिया था। 5 सितंबर को बनोगी गांव की गुड्डी देवी की वायरल से मौत हो चुकी थी। डिप्टी सीएमओ डा. बीएस रावत के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय से जौनपुर के गांवों के लिए 10 सदस्यीय टीम रवाना हो गई थी। ठलवाल गांव में टीम ने शनिवार को पीड़ितों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाई दी। डा. विनय डयूडी ने बताया कि पीड़ितों के ब्लड सैंपल लिए गए हैं। जांच के उपरांत ही वायरल के कारणों का पता चल पाएगा। बुखार के साथ-साथ पीड़ितों का मुंह सूख रहा है और गले में सूजन भी आ रही है। डिप्टी सीएमओ डा. रावत ने बताया कि वायरल पीड़ितों की स्थिति में सुधार आ रहा है। धनोल्टी विधायक महावीर सिंह रांगड़ ने मुख्यमंत्री व डीएम को पत्र भेजकर वायरल से मृत दोनों परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने का अनुरोध किया है। बीमारी पर नियंत्रण पाने तक चिकित्सकों की टीम गांव में ही रखने को कहा है।

खुलने के वक्त भी बंद रहता है अस्पताल
नैनबाग। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय सेंजी के अक्सर बंद रहने पर क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों ने आक्रोश व्यक्त किया है। सेंजी की प्रधान कविता देवी, कमल सिंह, शिकंदर सिंह, सुरेंद्र सिंह का कहना है कि चिकित्सालय में डाक्टर, फार्मेसिस्ट और एक वार्ड ब्वाय तैनात है। लेकिन खुलने के समय में भी अस्पताल अक्सर बंद रहता है। इससे क्षेत्रवासी परेशान हैं। जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डा. बलवीर सिंह भंडारी ने बताया कि चिकित्सालय बंद रहने का मामला संज्ञान में नहीं आया है। यदि ग्राम प्रधान व अन्य जन प्रतिनिधि लिखित में शिकायत दे तो लापरवाही बरतने पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts