12 घंटे बंद रहा लाहडू-चुवाड़ी मार्ग

चुवाड़ी (चंबा)। लाहडू-चुवाड़ी बाया जोत चंबा मार्ग बारिश के कारण शुक्रवार आधी रात के बाद बंद हो गया था। इसके बाद शनिवार दोपहर लगभग एक बजे के बाद मार्ग बहाल हो पाया। करीब 12 घंटे तक बंद रहने के कारण लांग रूट की बसों की आवाजाही नहीं हो पाई। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक शनिवार आधी रात को कालीघार के पास भूस्खलन हो गया था। भूस्खलन होने के कारण भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया था। इसके अलावा पहाड़ी से पत्थर गिर रहे थे। इससे मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह से ठप हो गया। सड़क पर मलबा होने से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाई। इस कारण यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं कालीघार के दोनों ओर वाहनों का हुजूम लगा रहा। वहीं उपमंडल मुख्यालय में सुबह रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं भी समय पर नहीं पहुंच पाईं। समाचार पत्र से लेकर दूध-ब्रेड करीब छह घंटे लेट पहुंचे। उल्लेखनीय है कि जरा सी बारिश होने पर कालीघार के पास भूस्खलन होने से मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। इससे लोेगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता वीके शर्मा ने बताया कि विभाग के कर्मचारियों ने दोपहर लगभग एक बजे तक मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया था। उन्होंने कहा कि कालीघार के पास भूस्खलन होता रहता है। इस कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं। विभाग के कर्मचारी हर वक्त यहां पर तैनात रहते हैं।

Related posts