12 घंटे बंद रहा द्रमण-सिहुंता मार्ग

सिहुंता/चुवाड़ी चंबा। मूसलाधार बारिश से भटियात क्षेत्र के चार सड़क मार्ग बंद रहे। लाहडू-चुवाड़ी, लाहड़ू-नूरपुर, भराड़ी-चुवाड़ी और द्रमण-सिहुंता मार्ग भूस्खलन के कारण अवरूद्ध रहे। इन मार्गों पर काफी मलबा गिरने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसर द्रमण-सिहुंता मार्ग रविवार रात करीब 11 बजे बंद हुआ। इस मार्ग पर लोदरगढ़ और मंघेई के पास भूस्खलन हुआ है। यह मार्ग सोमवार साढ़े बारह बजे के बाद बहाल हो पाया। एसडीओ अशोक कोंडल ने बताया कि मार्ग को साढ़े 12 बजे के करीब खोल दिया गया था। लाहडू-नूरपुर मार्ग सुबह चार बजे बंद हुआ था और सोमवार सुबह आठ बजे मार्ग बहाल कर दिया गया। चुवाड़ी-भराड़ी मार्ग भी बारिश के कारण आधी रात बाद बंद हो गया था, इसे भी एक बजे के बाद बहाल किया जा सका। ये मार्ग ठप रहने से यात्रियों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा और इससे सड़कों के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। चुवाड़ी क्षेत्र के कनिष्ठ अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि चंबा-चुवाड़ी-लाहड़ू मार्ग कालीघार के पास बारिश के कारण भूस्खलन होने से सुबह पांच बजे बंद हुआ था। इसे एक बजे के बाद बहाल कर दिया गया।

Related posts