
बिलासपुर। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर बिलासपुर और घागस के मध्यम स्थित सुलंग-पलानीघाट में पुलिस टीम ने झारखंड के एक युवक को चूरा पोस्त (भुक्की) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम चूरा पोस्त बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। आरोपी व्यक्ति की पहचान दीपक चौहान निवासी गांव रुदीनवा जिला पलामू झारखंड के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम डीएसपी प्रोबेशनर प्रमोद चौहान की अगुवाई में पुलिस टीम एनएच पर गश्त कर रही थी। पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक एक व्यक्ति भागा। इस पर पुलिस पार्टी ने उसे रोककर काबू किया। उसके हाथ में पकडे़ लिफाफे की तलाशी लेने पर उसमें से उक्त चूरा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि सदर थाना पुलिस ने आरोपी दीपक के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की धारा धारा 15-61-84 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी ने बताया कि नशे का कारोबार करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा। इस मामले में कानून अपना काम करेगा। शातिर कानून के लंबे हाथों से बच नहीं पाएंगे।
