11 सितंबर से पूर्व व्यवस्थाएं हो पूरी : डीएम

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की तैयारियाें को लेकर डीएम दिलीप जावलकर ने रुद्रप्रयाग-केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण किया। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग निर्माण की स्थिति की जानकारी कार्यदायी संस्था से ली। उन्हाेंने 11 सितंबर से पूर्व धाम में नियमित पूजा कराने के लिए नियुक्त कर्मियाें और अन्य सेवाआें से जुड़े अधिकारियाें को धाम में प्री-फेब्रीकेट हट का निर्माण शीघ्र करने को कहा। डीएम ने गुप्तकाशी में अधिकारियाें की बैठक भी ली।
लोनिवि में आयोजित बैठक में लोनिवि ऊखीमठ के ईई प्रवीण कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त केदारनाथ पैदल मार्ग पर प्रस्तावित दो फोल्डिंग पुल निर्माण सामग्री की आपूर्ति हो चुकी है। समय पर केदारनाथ धाम तक पैदल मार्ग का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक पांडे, उप जिलाधिकारी केके मिश्रा, अधीक्षण अभियंता एके श्रीवास्तव समेत जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के बाद डीएम देहरादून में सोमवार को प्रस्तावित बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हुए साथ ही केदारनाथ सड़क की स्थिति और बीआरओ के कार्यों की वीडियो रिकार्डिंग भी साथ ले गए हैं।

Related posts