
उत्तरकाशी। आपदा में सब्जियां भी महंगी हो गई हैं। सब्जी मंडी में टमाटर 100 रुपये और प्यास 80 रुपये किलो बिक रहा है। बीन, लौकी, बंदगोभी के दाम भी आसमान छू रहे हैं। लोग बिना टमाटर की बनी दाल खाने के लिए मजबूर हैं।
गंगोत्री राजमार्ग के धरासू नालूपाणी में दो सप्ताह से अवरुद्ध होने से सब्जियां नगर की मंडी तक नहीं पहुंच पा रही हैं। भटवाड़ी क्षेत्र की लोकल सब्जियां भी नेताला से आगे सड़क बंद होने से वहीं सड़ रही हैं। ऐसे में बहुत कम मात्रा में मैदानी क्षेत्रों की सब्जियां चंबा से पीपलडाली-लंबगाव होते उत्तरकाशी पहुंच रही हैं। टमाटर 100, प्याज 80, लौकी, भिंडी 50, करेला, कद्दू 40 रुपये किलो बिक रहा है। सब्जियां आम उपभोक्ताआें की पहुंच से दूर हो गई हैं। गृहणी सबिता देवी, निर्मला देवी बताती है कि महंगाई से उन्होंने सब्जियां खरीदना बंद कर दिया है। सब्जी की जगह अब बिना टमाटर की दाल खा रहे हैं। मिनी व्यापार मंडल के सचिव तस्दीक खान बताते हैं कि गंगोत्री मार्ग के बंद होने से सब्जियां लंबगांव के रास्ते उत्तरकाशी पहुंच रही हैं। भाड़ा अधिक व कम मात्रा में सब्जियों के पहुंचने से दाम बढ़ रहे हैं।
