100 करोड़ से संवरेगा नूरपुर : महाजन

नूरपुर (कांगड़ा)। विधायक अजय महाजन ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी कका अपमान किसी भी सूरत पर सहन नहीं किया जाएगा। महाजन लोनिवि विश्राम गृह में कार्यकर्र्ताआें की बैठक को संबोधित कर रहे थे। विधायक ने कहा कि जो अधिकारी और कर्मचारी कार्यकर्ताओं का अपमान करेगा उसे नूरपुर में रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी हो तो उनसे मिलें। विधायक ने कहा कि उन्हें विरासत में सूखा खेत मिला है, जिसे हरा भरा करना उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन काल में सिर्फ घोषणाएं ही हुई, जबकि विकास शून्य रहा। महाजन ने कहा कि पंचायती राज मंत्रालय की योजना के तहत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा की ओर से नूरपुर ब्लाक को प्रदेश के टाप पांच खंडों में चुना गया है, जिसके तहत नूरपुर के ब्लाकों में विकास के लिए 100 करोड़ का पैकेज उपलब्ध करवाया जाएगा । इससे नूरपुर में विकास की गंगा बहेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए डीपीआर भेजी जा रही है । जल्द ही नूरपुर को यह तोहफा मिल जाएगा। इस मौके पर उनके साथ ब्लाक अध्यक्ष बलदेव पप्पी, उद्योग इकाई के निदेशक योगेश महाजन सुंदरी, जिला महासचिव सुशील मिंटू, ब्लाक कांग्रेस सचिव दीपक पठानिया, पूर्व पार्षद कैप्टन शिव सिंह, मुनीष डोगरा, पूर्व अध्यक्ष संजीव संजू, शहरी प्रधान हरनाम सिंह, कांग्रेस महासचिव कृष्ण सिंह हीर और प्रधान कमल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related posts