
पिथौरागढ़। पेयजल तकनीकी फील्ड कर्मचारी संगठन (जल संस्थान) ने 16 सूत्रीय मांगों को लेकर 10 जून से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। संगठन ने बैठक कर इस आशय का ज्ञापन जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को दिया है।
संगठन के जिलाध्यक्ष चंद्र सिंह मेहता की अध्यक्षता में हुई बैठक में एसीपी प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करने, सभी पंपगृहों, विभागीय आवासों और शौचालयों की मरम्मत करने, कर्मचारियों के अवशेष भुगतान का तत्काल भुगतान करने, यात्रा देयकों का प्रतिमाह भुगतान करने, संवेदनशील पंपगृहों में चारदीवारी निर्माण करने, सभी पंपगृहों से निष्क्रिय सामग्री तत्काल हटाने, लीकेज की समस्या दूर करने, सभी अंशकालिक चौकीदारों के मानदेय का भुगतान प्रतिमाह करने, कर्मचारियों को वर्दी का लाभ देने आदि की मांग जोरदार ढंग से उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर पूर्व में भी विभागीय अधिकारियों से मुलाकात की गई थी, उसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इस मामले को लेकर 10 जून से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया। बैठक में भुवन चंद्र भट्ट, ललित वल्दिया, गोविंद सिंह डीनियां, कृष्ण फुलेरा, हरीश जोशी, भगवान सिंह, गणेश राम आदि मौजूद थे।
