10 दिन में हाउस टैक्स न दिया तो कार्रवाई

घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं ने हाउस टैक्स पर कुंडली मारे बैठे लोगों को तगड़ा झटका दिया है। नगर परिषद घुमारवीं ने करीब सौ लोगों को टैक्स की अदायगी नहीं करने पर नोटिस जारी किए हैं। 10 दिन की निर्धारित सीमा तक यह लोग हाउस टैक्स की अदायगी नहीं करते हैं तो इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद द्वारा हाउस टैक्स को लेकर लोगों को नोटिस जारी होने के बाद लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है। नगर परिषद की हाउस टैक्स के तौर पर करीब 45 लाख रुपये की राशि लोगों के पास फंस चुकी हैं। इसमें कई लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने पिछले पांच-पांच साल से हाउस टैक्स भरने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। अब नगर परिषद ने कड़ा कदम उठाया है। इस साल नगर परिषद ने कुछ बकाया राशि की वसूली भी की है। इसके बावजूद भी कई लोग ऐसे हैं कि हाउस देने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इसके चलते अभी भी नगर परिषद की लाखों रुपये की राशि लोगों के पास फंसी हुई है।
इस बारे में नगर परिषद घुमारवीं के कार्यकारी अधिकारी विनोद कुमार ने हाउस टैक्स की अदायगी नहीं करने पर करीब सौ लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। करीब 45 लाख रुपये की राशि लोगों के पास अभी भी फंसी हुई है। इस बार निर्धारित समय के अनुसार हाउस टैक्स की अदायगी नहीं हुई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी

Related posts