10 जून को बंद रहेगी केदारघाटी

गुप्तकाशी। केदारनाथ धाम के लिए चॉपरों की अनियमित उड़ान और केदारनाथ विकास प्राधिकरण के फैसलों के विरोध सहित अन्य मांगो को लेकर विभिन्न संगठनों ने दस जून को केदारघाटी बंद रखने का निर्णय लिया है।
शुक्रवार को केदारनाथ धाम में विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नियमों को ताक पर रखकर हेली कंपनियों को अनुमति दी गई है। सारे नियम केदारनाथ यात्रा से आजीविका चलाने वाले स्थानीय लोगों पर थोपे जा रहे हैं, जबकि धाम के लिए हेलीकॉप्टर अनियमित उड़ान भर रहे हैं। इन पर किसी का कंट्रोल नहीं है। केदारनाथ यात्रा में जिला पंचायत के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने के नाम पर वर्षों से रोजगार कर रहे लोगों का रोजगार छीनने की कोशिश हो रही है।
बैठक में तय किया गया कि 10 जून को संपूर्ण केदारघाटी में व्यापारिक प्रतिष्ठान, घोड़े-खच्चर और डंडी-कंडी पालकी बंद रहेंगी। एविएशन कंपनियों से भी सेवाएं बंद रखने की अपील की गई है।
बैठक में रोजगार बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह रावत, जय मां गोरी डोली कामगार समिति के अध्यक्ष अवतार सिंह नेगी, श्री केदार सभा अध्यक्ष महेश बगवाड़ी, महामंत्री महेश शुक्ला, व्यापार संघ अध्यक्ष विजय बगवाड़ी, ब्लाक प्रमुख ऊखीमठ फते सिंह रावत और पूर्व विधायक आशा नौटियाल आदि मौजूद थे।

Related posts