
बलद्वाड़ा (मंडी)। बलद्वाड़ा में शनिवार को पुलिस ने दस ग्राम चरस के साथ एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। आरोपी ने चरस को बिना नंबर प्लेट की बाइक में सीट के नीचे छुपा रखा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब दस बजे बलद्वाड़ा बाजार में पुलिस की नजर बिना नंबर प्लेट की बाइक पर पड़ी। इस पर बाइक सवार आरोपी को पूछताछ के लिए रोका गया। पुलिस ने आरोपी से बाइक के कागजात मांगे। लेकिन उसके पास कोई कागजात नहीं था। बाइक की तलाशी लेने पर पुलिस को सीट के नीचे से पुड़िया में रखी चरस मिली। आरोपी की पहचान राजेश कुमार पुत्र सोमदत निवासी समलौण के रुप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को करीब सात माह पहले भी बिना नंबर की एक बाइक के साथ पकड़ा गया था। उस दौरान आरोपी ने बाइक से एक लड़की की टांग भी तोड़ दी थी। यह दूसरा मामला है जब आरोपी को बिना नंबर प्लेट की बाइक के साथ पकड़ा गया है। डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। चोरी की बाइक होने के संबंध में भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
