
बम्म (बिलासपुर)। मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी ने कहा है कि घुमारवीं व भराड़ी रेस्ट हाउस में आवास की सुविधा बढ़ाई जाएगी। यहां अतिरिक्त कमरों की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए पांच-पांच लाख रुपये की प्रथम किश्त भी प्राप्त हो गई है। वह हाई स्कूल पंतेहड़ा के वार्षिक उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि घुमारवीं चुनाव क्षेत्र में विभिन्न सड़कों को पक्का करने के लिए 1.44 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सड़कों की मरम्मत के लिए अलग से लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटवाड़ में विज्ञान प्रयोगशाला के भवन के निर्माण के लिए 80 लाख रुपये, पीएचसी दधोल व हटवाड़ के भवन निर्माण के लिए 43-43 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही बम्म से जाहू सड़क का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर आरंभ किया गया है। इस सड़क पर तीन पुलों का कार्य प्रगति पर है। एक पुल का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। बम्म से पंतेहड़ा सड़क पर जहां पानी से हमेशा सड़क खराब रहती थी, वहां कंकरीट बिछाने के लिए छह लाख स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने कहा कि 1.33 करोड़ रुपये से निर्मित की जाने वाली बम-पंतेहड़ा तथा 4.50 करोड़ से निर्मित की जाने वाली कोट-देहरा हटवाड़ उठाऊ पेयजल योजना का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने पंतेहड़ा स्कूल में पेयजल की कमी को देखते हुए पेयजल सुधार के लिए 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। स्कूल में मैदान निर्माण, किनारे पर दीवार लगाने, स्कूल के अतिरिक्त कमरों के निर्माण तथा चार दीवारी लगाने का भी उन्होंने आश्वासन दिया।
