
तीसा (चंबा)। क्षेत्र की सनवाल पंचायत के लगभग 60 राशनकार्ड धारकों को पिछले दो माह से सस्ता राशन नहीं मिला है। इस कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुस्साए उपभोक्ताओं ने विभाग को चेताया है कि अगर दस दिन के भीतर राशन नहीं मिला तो वे सनवाल बस अड्डे पर धरना प्रदर्शन करेंगे। जानकारी के मुताबिक सनवाल डिपो के लिए लगभग दो माह से राशन की सप्लाई नहीं हुई है। इस कारण राशनकार्ड धारकों को सस्ता राशन नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय निवासी पीर मोहम्मद, बदर दीन, कर्म चंद, लाखू राम, चैन सिंह, बशीर मोहम्मद, समस दीन, अब्दुल गनी और दीन मोहम्मद ने बताया कि कई बार उन्होंने डिपो के चक्कर काटे, लेकिन उन्हें राशन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 16 अक्तूबर को ईद है, लेकिन डिपो में अभी तक राशन नहीं पहुंचा है। यही नहीं ग्रामीणों का कहना है कि मक्की की नई फसल अभी तैयार नहीं हुई है। इस कारण लोग डिपो के राशन पर ही निर्भर हैं, लेकिन डिपो में राशन न होने के कारण उन्हें बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से मांग की है कि डिपो में जल्द राशन उपलब्ध करवाया जाए। डिपो होल्डर रशीद मोहम्मद ने बताया कि कई बार खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को राशन उपलब्ध करवाने को कहा गया है, लेकिन अभी तक राशन की सप्लाई नहीं पहुंची है। इस संबंध में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक आरके चड्ढा ने बताया कि डिपो होल्डर के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज हुआ है। इसके चलते डिपो के लिए राशन की सप्लाई बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस माह डिपो के राशन कार्डधारकों को चचूल डिपो से राशन दिया जाएगा। ग्रामीण चचूल से राशन प्राप्त कर सकते हैं।
