होली में ठेकेदार ने काटे बान के दो पेड़

होली (चंबा)। होली में ठेकेदारों ने बिना मार्क किए दो बान के पेड़ों को काट डाला है। इसकी शिकायत स्थानीय महिलाओं ने वन विभाग से की है। शनिवार को ठेकेदार के मजदूरों ने की नाले के पास सड़क को चौड़ा करने का कार्य शुरू कर दिया और बिना डिमार्केशन के दो पेड़ों को काट दिया। इसकी भनक लगते ही प्रोजेक्ट के विरोध में धरने पर बैठी महिलाओं ने ठेकेदार को काम बंद करवाने को कहा तो ठेकेदार ने कहा कि यह कार्य लोक निर्माण विभाग का है और सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। महिलाओं ने दूसरे लोगों से पता किया तो पता चला कि यह कार्य कंपनी का है और ठेकेदार ने लगाया है। महिलाओं ने इसके बाद कार्य को तुरंत बंद करवा दिया और पेड़ काटने की शिकायत वन विभाग से की। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर आकर छानबीन की। हालांकि अभी तक कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा सकी है। ज्ञात रहे कि वन मंत्री का क्षेत्र होने के चलते यहां के ठेकेदार मनमर्जी से पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं। पहले भी यहां गलत जगह डंपिंग की गई थी। अब ताजा मामले में जेसीबी से पेड़ों को सफाचट किया जा रहा था। इस मामले में शिकायतें मिलने के बावजूद वन विभाग के अधिकारी ऊपर तक पहुंच रखने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। उधर, आंदोलन कर रही पिंकी देवी, सवेरो देवी व सपना ने वन विभाग से मांग की है कि पेड़ काटने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और कार्य में लगी जेसीबी को भी कब्जे में लिया जाए। उधर, वन विभाग के अरण्यपाल आरएम रेड्डी ने बताया कि इस संबंध में शिकायत मिली है और रेंजर को मौके पर भेजा गया है। अगर ऐसा है तो आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts