
चंबा। होली-बजौली पावर प्रोजेक्ट की सुरंग की दिशा को लेकर चले विरोध के बीच प्रदेश सरकार की ओर से भेजी गई एक्सपर्ट टीम ने जिला मुख्यालय में आकर ग्रामीणों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया जारी किए जाने की बात कही है। यह बयान टीम के सदस्यों की उपायुक्त संदीप कदम से मुलाकात के बाद लोकसंपर्क विभाग की ओर से जारी किया गया है। बुधवार को शिमला से आई विशेषज्ञों की चार सदस्यीय टीम ने बांध स्थल के अलावा सुरंग का जायजा लिया था। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय वाशिंदों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में परियोजना प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस संबंध में कमेटी के सदस्यों ने वीरवार को उपायुक्त के साथ मुलाकात की। उन्होंने बताया कि ग्रामीण अपने पारंपरिक वन और जल स्रोतों के संरक्षण को लेकर चिंतित हैं। वे यह भी चाह रहे थे कि सुरंग में रिसाव की कोई गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए। उनकी स्थानीय समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उपायुक्त संदीप कदम ने बताया कि कमेटी अपनी रिपोर्ट जल्द उन्हें सौंप देगी। इस अवसर पर ऊर्जा निदेशालय के मुख्य अभियंता एससी गुप्ता, वरिष्ठ अधिशासी अभियंता दीपक जसरोटिया जियोलॉजिकल सर्वे आफ इंडिया के निदेशक एस कुमार और मुख्य विज्ञान सलाहकार आरके सूद मौजूद रहे।
