होली-उतराला सुरंग की उम्मीद जगी

भरमौर (चंबा)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के भरमौर-होली क्षेत्र के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों को होली-उतराला बाया चमुंडा सुरंग निर्माण की मांग पूरी होने की उम्मीद जगने लगी है। इस सुरंग निर्माण से जहां भरमौर-कांगड़ा की दूरी कम हो जाएगी, वहीं भरमौर में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय लोगों के कारोबार में भी वृद्धि होगी। इंटक के प्रधान दुनी चंद ने बताया कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भरमौर के लोगों की हर समस्या का समाधान किया है, उसी तरह इस मांग को भी वह जल्द पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि होली-उतराला सुरंग निर्माण से भरमौर से धर्मशाला की दूरी 50-60 किलोमीटर रह जाएगी। इसके अलावा एक दिन में ही लोग शिमला पहुंच सकेंगे। चुनावों के दौरान वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने भी होली-उतराला के लिए सुरंग निर्माण की बात कही थी। क्षेत्र के लोगों की मुख्यमंत्री के भरमौर दौरे के दौरान इस मांग के पूरा होने की आस जगी है। स्थानीय पंचायत समिति उपाध्यक्ष जय सिंह, सुभाष, सुनील, प्रीतम, बचन राम, संसार चंद, दिनेश कुमार, भाग सिंह, और लांबो पंचायत के प्रधान कंचन सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री उनकी सुरंग निर्माण की मांग को जल्द पूरा करेंगे।

Related posts