होटलों में 30 फीसदी बुकिंग रद

कुल्लू (भाग सिंह) कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट पर हवाई सेवाएं बंद होने पर पर्यटन कारोबारी मायूस हो गए हैं। कुल्लू-मनाली के पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि हवाई सेवाएं बंद होने से पर्यटन कारोबार काफी प्रभावित हो रहा है। मनाली के बड़े होटलों में 30 फीसदी तक बुकिंग रद हो गई है। इसके अलावा टैक्सी ऑपरेटरों का कारोबार भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है।
राज्य टैक्सी महासंघ के सह सचिव जगदीश शर्मा का कहना है कि 20 फरवरी से हवाई सेवाएं बंद होने से टैक्सी चालकों का कारोबार प्रभावित हुआ है। सबसे ज्यादा भुंतर टैक्सी यूनियन प्रभावित हुई है। टैक्सी यूनियन भुंतर का कारोबार अधिकतर हवाई सेवाओं पर ही निर्भर है, जो पूरी तरह से ठप पड़ गया है। इसके अलावा मनाली के आपरेटरों का कारोबार भी पूरी तरह से प्रभावित हुआ है। कारोबारियों गजेंद्र ठाकुर, अजय अबरोल, गौत्तम नाथ ठाकुर, अमर सिंह, पूर्ण चंद टाकुर और मकर ध्वज शर्मा आदि ने भुंतर के लिए शीघ्र हवाई सेवाएं शुरू करने की मांग की है।
मनाली होटल एसोसिएशन के प्रधान अनूप ठाकुर के अनुसार हवाई सेवाएं बंद होने से पर्यटन कारोबार गति नहीं पकड़ पा रहा है। मनाली के बड़े होटलों में 20 से 30 प्रतिशत तक एडवांस बुकिंग रद हो गई है। इसके अलावा हवाई सेवाएं बंद होने कई अन्य कारोबारियों को भी नुकसान हो रहा है। यदि 15 अप्रैल तक हवाई सेवाएं बंद रहती हैं, तो कारोबारियों को लाखों का नुकसान झेलना पड़ेगा। हवाई सेवाएं शुरू करने को लेकर उन्होंने केंद्रीय उड्डयन मंत्रालय, एयर इंडिया अथारिटी और प्रदेश पर्यटन विभाग को भी पत्राचार किया है। उन्होंने भुंतर के लिए शीघ्र हवाई सेवाएं शुरू करने की मांग की है।

Related posts