
धर्मशाला। धर्मशाला के ऊपरी क्षेत्रों में सीजन का पहला हिमपात हो गया है। शनिवार को मौसम खराब होने पर रविवार को पर्यटक नगरी में पर्यटकों की चहलकदमी बढ़ गई है। दो तीन दिन पहले पर्यटन नगरी धर्मशाला पहुंचे पर्यटकों ने ताजा हिमपात के बाद यहां रुकने का प्लान अब लंबा कर लिया है। दिल्ली के रहने वाले अमनदीप, अमित कुमार, रविंद्र जैन, लुधियाना से शमशेर सिंह, मनप्रीत सिंह, सूरत से अजीत शाह और सुमित पाल ने बताया कि वे व्हाइट क्रिसमस और न्यू ईयर मनाने के लिए धर्मशाला पहुंचे हैं। 31 दिसंबर से पहले अगर मैकलोडगंज और धर्मशाला में बर्फबारी होती है तो वे अपना टूअर लंबा करेंगे। उधर, ताजा हिमपात से पर्यटन नगरी के होटलों में आक्युपेंसी रेट 30 से बढ़कर 50 फीसदी हो गया है।
मैकलोडगंज में मून वॉक रेजिडेंसी के संचालक जावेद रैना, माउंट व्यू होटल के मुश्ताक अहमद, होली डे हिल और होटल पिंक हाउस के जावेद भट्ट ने बताया कि ताजा हिमपात के बाद अगर न्यू ईयर से पहले और बर्फबारी होती है तो पर्यटकों की आमद में काफी इजाफा होगा। पर्यटक व्हाइट क्रिसमस मनाने की उम्मीद लगाए हुए हैं। न्यू ईयर पर बर्फबारी का मजा पर्यटकों के लिए सोने पर सुहागे जैसा होगा। एक हफ्ते में अगर हिमपात हुआ तो होटलों में आक्युपेंसी 70 से 80 फीसदी तक जा सकती है।
