हैरत : काबुली चने को खा गए कीड़े

हैरत : काबुली चने को खा गए कीड़े
सोलन। जिले के डिपुओं में सस्ती कीमतों पर मिल रहे काबुली चने की गुणवत्ता पर सवाल उठना शुरू हो गए हैं। अधिकांश स्थानों से खराब चना होने की शिकायतें आ रही हैं। लोगों का दावा है कि चने कीडे़ लगे हैं, हालांकि पैकेट बाहर से देखने में साफ दिखता है। स्वास्थ्य विभाग और खाद्य आपूर्ति विभाग से जांच की मांग की है।
स्थानीय उपभोक्ता गणेश दत्त, केडी शर्मा, पंकज, देवराज शर्मा, सारिका शर्मा, ज्योति, तारा देवी, नरेंद्र कुमार, विवेक शर्मा और बीके शर्मा का कहना है कि डिपुओं में मिलने वाला सस्ता चना खराब है। पैकेट के अंदर चने को कीडे़ लगे हुए हैं। विभाग को देखकर सप्लाई डिपुओं में बांटनी चाहिए। खराब चने खाने से लोग बीमार हो सकते हैं। वहीं इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग को भी सूचना मिल चुकी है। हालांकि खाद्य आपूर्ति निगम का दावा है कि चने की सप्लाई जांच करके डिपुओं में बांटी गई है। पिछले तीन माह से डिपुओं में चने दिए जा रहे हैं। इस माह की सप्लाई फ्रेश आई है। उधर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उदित के अनुसार खराब चना खाने से फूड प्वाइजनिंग का खतरा बन जाता है। इसके अतिरिक्त पेट खराब होने का डर भी बना रहना है।

1 लाख 26 हजार कार्ड होल्डर
जिला सोलन में करीब 01 लाख 26 हजार 865 राशन कार्ड धारक हैं। प्रति कार्ड पर एक पैकेट काबुली चना दिया जा रहा है, जिसकी कीमत 35.50 रुपये निर्धारित की गई है। मौजूदा समय में जिला सोलन में 1264 क्विंटल काबुली चने की सप्लाई आ रही है।

जल्द होगी कार्रवाई
इस बारे में जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक जय सिंह वर्मा के अनुसार डिपुओं में खराब चने की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। अगर शिकायत सही निकली तो सप्लाई वापस की जाएगी। वहीं फूड इंस्पेक्टर सतीश ठाकुर कहना है कि उन्हें इस बारे में शिकायत मिली है, डिपुओं में जांच की जाएगी।

फ्रेश चने की सप्लाई दी गई : गोयल
खाद्य आपूर्ति निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक आरएल गोयल ने कहा कि डिपुओं में पिछले तीन माह से सफेद चना सप्लाई किया जा रहा है। इस बार भी फ्रेश चने का आवंटन डिपुओं में किया गया है।

Related posts