
(कांगड़ा)

विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय प्रबंधन समिति के दूसरे दिन के कार्यक्रम में ज्वालामुखी की अग्रवाल सराय में चल रही बैठक में कई विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि पूरे देश के हिंदुओं को एक सूत्र में पिरोने कर प्रयास किया जा रहा है।
विश्व हिंदू परिषद की ओर से हिंदू हेल्पलाइन शुरू की गई है। इसमें हिंदुओं को जोड़ने के लिए तीर्थ, पर्यटन, स्वास्थ्य, कानून, शिक्षा ऐसी व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि देश का हर हिंदू एकजुट होकर कदम से कदम मिलाकर चल सके। प्रथम चरण में विश्व हिंदू परिषद ने गरीबों के लिए दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, अहमदाबाद, पुणे में स्वास्थ्य सुविधा शुरू की है।
इसके अलावा दो माह में पूरे देश के प्रमुख शहराें में इस सुविधा को शुरू किया जाएगा। पूरे देश में एक लाख ग्राम शिक्षा मंदिर, 600 गौशालाएं, 275 बहु विज्ञान केंद्र, 48 अनाथालय, 1000 एंबुलेंस, छात्रावास, सिलाई सेंटर, कंप्यूटर सेंटरों के माध्यम से देश के हर गरीब की सहायता की जा रही है।
विश्व हिंदू परिषद के सभी केंद्रीय अधिकारी, विदेशों से विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधि, भारत के सभी प्रांतों के प्रमुख प्रतिनिधि इस बैठक में उपस्थित रहेे। अशोक राव चौगुले (अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष विदेश विभाग), चंपत राय (अंतरराष्ट्रीय महामंत्री विहिप), दिनेश चंद्र (अंतरराष्ट्रीय� संगठन महामंत्री), स्वामी विज्ञानानंद (संयुक्त महामंत्री), वाई राघवल्लू (संयुक्त महामंत्री) आदि सभी केंद्रीय मंत्री और सह मंत्री उपस्थित रहे।
