हेलीकॉप्टर से धारचूला पहुंचाई 17 क्विंटल रसद

पिथौरागढ़/गंगोलीहाट/डीडीहाट। आपदाग्रस्त इलाकों को खाद्यान्न सामग्री भेजने का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर के जरिये आपदाग्रस्त धारचूला तहसील को 17 क्विंटल खाद्यान्न भेजा। मौसम खराब होने से उच्च हिमालयी क्षेत्र में राशन नहीं पहुंचाया जा सका।
युवक कांग्रेस के तत्वावधान में मदकोट में शिविर लगाकर आपदा पीड़ितों को खाद्यान्न वितरित किया गया। इस मौके पर युकां के लोकसभा महासचिव अनिल माहरा, रवींद्र बिष्ट, व्यापार संघ सचिव संतोष बिष्ट आदि मौजूद थे। बाराबीसी उत्थान समिति ने भी आपदा पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भिजवाई है। जगदीश कुमार, सुरेंद्र सिंह बसेड़ा, दिनेश शास्त्री, नरेश पांडे, भोला दत्त जोशी, गोकुल प्रसाद, नरेश पांडे ने सहयोग दिया। जिला उद्योग केेंद्र ऊधमसिंहनगर और सिडकुल पंतनगर ने भी राहत सामग्री भिजवाई है। राहत सामग्री के साथ पहुंचे दिल्ली के आर्यवीर दल के 40 स्वयंसेवकों को डा. गुरुकुलानंद सरस्वती, तारा सिंह, लक्ष्य आर्य ने प्रभावित क्षेत्रों को रवाना किया।
उधर, ग्रामीण एकता मंच अस्कोट के अध्यक्ष तरुण पाल के नेतृत्व में मदकोट के घट्टाबगड़ में आपदा प्रभावितों को राशन और बर्तन वितरित किए गए। अस्कोट आईटीआई और एसबीआईशाखा की ओर से भी प्रभावित क्षेत्रों में राहत राशि बांटी गई। उधर, गंगोलीहाट के लोग नई बस्ती, गोठी, बलुवाकोट, मोरी, चिपलतड़ा, लुमती, जौलजीबी, घट्टाबगड़, बरम क्षेत्र के आपदा पीड़ितों को राहत सामग्री बांटकर वापस आ गए हैं। उधर, डीडीहाट के आपदा राहत कैंप में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी देव सिंह डसीला (92) लोगों से आपदा पीड़ितों की मदद की गुहार लगा रहे हैं।

Related posts