हेमसिंह गुट 14 को चुनेगा प्रदेश कार्यकारिणी

शिमला। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (हेमसिंह गुट) ने राज्यस्तरीय कार्यकारिणी के चुनाव घोषित कर दिए हैं। ये चुनाव 14 अगस्त को सुबह 10 बजे उद्यान निदेशालय नवबहार में होंगे। इसमें हर जिला प्रधान, महासचिव और 10-10 डेलीगेट बुलाए गए हैं। यह जानकारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह ठाकुर और महासचिव एसएस जोगटा ने शिमला में पत्रकार वार्ता में दी।
हेमसिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह यह चाहते हैं कि हिमाचल में सभी कर्मचारी संगठन एकजुट हों। महासंघ से जुडे़ कर्मचारी नेता भी इससे सहमत हैं और वे गुटों में बंटे नेताओं को भी इसमें आने का न्योता देते हैं। इससे कर्मचारियों को एक बैनर के तले एकत्र किया जा सकेगा। महासचिव एसएस जोगटा ने कहा कि जनवरी से चल रही प्रक्रिया के बाद विभागीय, खंड से लेकर सभी स्तरों पर चुनाव पूरे हो गए हैं। उन्होंने दावा किया अभी तक कोई पैनल घोषित नहीं है। उसी दिन कर्मचारी वांछित पदों के लिए अपनी दावेदारी रखेंगे। उन्होंने चुनौती दी कि अगर दूसरे गुटों में बंटे नेता अपनी लोक प्रियता साबित करना चाहते हैं, तो इसमें आएं। इसमें महासंघ की प्रदेश लिपिक वर्ग इकाई के उपाध्यक्ष एमआर वर्मा, बागवानी कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष राजीव चौहान और अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के सहायक प्रेस सचिव देसराज शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

इनसेट
जोगटा मेरे पद पर बैठने के काबिल : हेम सिंह
शिमला। क्या अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (हेमसिंह गुट) में एसएस जोगटा की सक्रियता हेम सिंह ठाकुर से ज्यादा नजर नहीं आ रही है? इसके जवाब में हेम सिंह ठाकुर बोले कि एसएस जोगटा मेरे पद पर बैठने के काबिल हैं। ऐसे योग्य महासचिव को पाकर महासंघ और इससे जुडे़ कर्मचारियों का हित ही होगा।

Related posts