हुड़दंग मचाने पर नपा लुधियाना से आया सैलानी

शिमला। ऑकलैंड टनल के पास शनिवार दोपहर लुधियाना से आए एक सैलानी ने खूब हुड़दंग मचाया। अमृतलाल निवासी जटाना, लुधियाना, पंजाब ने बीच सड़क में खड़े होकर आने-जाने वाले गाड़ियों के चालकों से गाली-गलौच की। पुलिस को भी देख लेने की धमकी तक दी। लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने मौके पर पहुंचकर सैलानी को हिरासत में लेकर आईजीएमसी में उनका मेडिकल करवाया। मेडिकल जांच में नशे की पुष्टि हुई, जिस पर पुलिस ने अमृतलाल के खिलाफ शराब पीकर हुड़दंग करने के आरोप में पांच हजार रुपये का जुर्माना किया।
पुलिस ने बताया कि अमृतलाल अपने कुछ साथियों के साथ शिमला घूमने आया है। ऑकलैंड टनल के पास अमृतलाल की गाड़ी की किसी अन्य गाड़ी से टक्कर हुई, जिसके बाद अमृतलाल ने बीच सड़क में खड़े होकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान कई स्थानीय लोगों से भी इसकी झड़प हुई। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी अमृतलाल की तीखी नोकझोंक हुई। चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि अमृतलाल पर पांच हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। कार्रवाई के बाद अमृतलाल को हिदायत देकर छोड़ दिया गया।

Related posts