हीरे का हार चोरी

शिमला।(वी डी शर्मा) सांगटी में सरकारी अफसर के घर से चोर लाखों के जेवर और पचास हजार नकदी पर हाथ साफ कर गए। वारदात के वक्त पति-पत्नी कार्यालय गए थे। इनकी बेटी कोचिंग सेंटर में थी। बेटी घर लौटी, तब चोरी का पता चला। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे लॉकर को तोड़कर उसमें से हीरे का हार, हीरे की दो अंगूठियां, चार झुमके, सोने की चार अंगूठियां, चांदी की दो पायलें, आठ नॉज पिन, दो गोल्ड डायमंड पेंडल, पांच मोबाइल सेट सहित नकदी ले उड़े।
प्रेम ठाकुर लोक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सोलन में सहायक लोक संपर्क अधिकारी के तौर पर तैनात हैं। इनकी पत्नी शिक्षा निदेशालय शिमला में कार्यरत हैं। शनिवार को रोज की तरह दोनों पति-पत्नी दफ्तर और बेटी कोचिंग सेंटर चली गई। दोपहर बाद जब बेटी लौटकर आई तो दंग रह गई। घर के पिछवाड़े में दो खिड़कियां और एक दरवाजा खुला हुआ था। इसी रास्ते से चोर घर के भीतर दाखिल हुए। घर के हर कमरे की चोरों ने गहन तलाशी ली। इससे पुलिस अंदेशा जता रही है कि चोरों ने काफी दिन तक घर के हर सदस्य पर नजर रखी होगी। कब घर से निकलते हैं और कब लौटकर आते हैं। चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। चोरों का कोई सुराग अभी तक नहीं लग पाया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि थाना बालूगंज में मुकदमा कायम कर आगामी छानबीन अमल में लाई जा रही है। उल्लेखनीय है कि चोरी की बढ़ती घटनाओं से आम आदमी डर के साये में जी रहा है। उधर, पुलिस प्रशासन लोगों से अपील कर रही है कि जेवर और नकदी घर पर रखने की बजाय बैंक लॉकर में रखें।

Related posts