
उत्तरकाशी। पुराली गांव के 22 वर्षीय अभिराज ने भालू से जमकर मुकाबला किया। जवाबी हमले में भालू को भगाकर वह अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। घायल युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
उपला टकनौर के पुराली गांव का निवासी अभिराज पुत्र प्रथम सिंह रविवार की सुबह अपने सेब के बगीचे में गया था। यहां भालू ने उस पर हमला बोल दिया। मदद के लिए उसने शोर मचाया लेकिन आसपास कोई नहीं था। मौत सामने देख उसने खुद को संभाला और हिम्मत कर भालू से भिड़ गया। उसके लात-घूसों से भालू ठिठक गया। फिर मौका मिलते ही अभिराज ने पत्थरों से हमला बोल दिया जिससे भालू भाग खड़ा हुआ। करीब पांच मिनट तक हुए इस संघर्ष में युवक पांव और पीठ पर नाखून लगने से घायल हो गया।
परिजनों ने उसे हर्षिल के स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार को उसे हेलीकाप्टर से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महादेव प्रसाद ने वन विभाग से पीड़ित युवक को मुआवजा देने के साथ ही ग्रामीणों को जंगली जानवरों से निजात दिलाने की मांग की।
भालू के हमले में किशोरी घायल
उत्तरकाशी। रैथल गांव निवासी अवतार सिंह की 15 वर्षीय पुत्री वंदना को रविवार की दोपहर भालू ने हमला कर घायल कर दिया। हमले के समय वह घर के पास ही खेत में घास काट रही थी। शोर मचाने पर परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किशोरी को भालू के चंगुल से छुड़ाया। उपचार के लिए उसे भटवाड़ी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है
