हिमाचल में 2 दिन तक भारी हिमपात की चेतावनी

शिमला: प्रदेश की ऊंची पर्वत शृंखलाओं व दूरदराज जनजातीय क्षेत्रों में मंगलवार को ताजा हिमपात दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले 12 घंटे में प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में भारी हिमपात व मैदानों में बारिश होने संभावना है। उन्होंने बताया कि मौसम का यह क्रम 8 से 11 जनवरी तक जारी रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी हिमपात और बारिश की आशंका है। उन्होंने पर्यटकों को दूरवर्ती ऊंचे क्षेत्रों की और न जाने की सलाह दी है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों समेत रोहतांग दर्रा पर देर शाम को हुए हिमपात के कारण कुल्लू व लाहौल-स्पीति पूरी तरह से शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। इसी तरह रोहतांग दर्रा व कुल्लू जिला की ऊंची चोटियों भी बर्फ के फाहे गिरे।

 

मंगलवार को  जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चम्बा जिले के पांगी में हल्की बर्फबारी व भुंतर में 0.5 और डल्हौजी में 1.0, मनाली में 3.2 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। आज न्यूनतम तापमान में एक से 4 डिग्री सैल्सियस तक की कमी आई है। लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में पारा शून्य से 11.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। कल्पा में -7 डिग्री नीचे, मनाली में -5 डिग्री नीचे, सुंदरनगर और भुन्तर में शून्य से 0.2 डिग्री नीचे और डल्हौजी व सोलन में भी शून्य से 0.4 डिग्री नीचे रिकार्ड किया गया है। इस अवधि में उधर हमीरपुर में शून्य और शिमला में 0.7 डिग्री, चम्बा में 0.3 डिग्री, ऊना में एक डिग्री, कांगड़ा में 1.9 डिग्री, नाहन, पालमपुर और बिलासपुर में 3 से 4 डिग्री के बीच जबकि धर्मशाला में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री रिकार्ड किया गया है।

Related posts