
शिमला। हिमाचल भाजपा बाबा रामदेव को चुनाव प्रचार में उतारने वाली है। योग गुरु 23 अप्रैल के बाद हिमाचल आएंगे। उनके कांगड़ा, मंडी और शिमला सीट पर सिरमौर के हरिपुरधार में कार्यक्रम होंगे। 23 अप्रैल को नामांकन पत्र वापस लेने का दिन है। बाबा रामदेव ने इसके बाद ही आने की इच्छा जताई है। राज्य भाजपा ने अपने शेडयूल के अनुसार उनके लिए कांगड़ा और मंडी संसदीय सीट पर कुछ कार्यक्रम रखे हैं। हालांकि, ये तभी फाइनल होंगे, जब रामदेव की ओर से कन्फर्मेशन आएगा। बाबा रामदेव का हिमाचल आना इसलिए भी अहम है, क्योंकि राज्य की कांग्रेस सरकार उनके साधुपुल स्थित पतंजलि योगपीठ केंद्र की जमीन को जब्त कर चुकी है। दूसरी ओर, हाल ही में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए उत्तराखंड के रहने वाले सतपाल महाराज का हिमाचल दौरा स्थगित हो गया है। वह पहले 20 और 21 को हिमाचल आने वाले थे। इस दौरान उन्होंने मंडी सीट पर प्रचार करना था। अब यह दौरा टल गया है। भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गणेश दत्त ने बताया कि सतपाल महाराज की व्यस्तताओं के कारण यह दौरा टला है। उन्होंने कोई और शेडयूल मांगा है, जो जल्द ही फाइनल किया जाएगा। गणेश दत्त ने कहा कि उनके अलावा 23 अप्रैल के बाद बाबा रामदेव भी हिमाचल प्रचार करने आने वाले हैं।
