
शिमला(वीरेन्द्र खागटा)हिमाचल भाजपा ने पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की तीन और रैलियां हिमाचल के लिए मांगी हैं। ये रैलियां मंडी, कांगड़ा और शिमला संसदीय सीटों पर करवाई जाएंगी। हिमाचल में 7 मई को मतदान है, इसलिए 25 अप्रैल से 5 मई के बीच ये रैलियां हो सकती हैं। इसी अवधि में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज जैसे केंद्रीय नेताआें के हिमाचल दौरे भी हो सकते हैं। इससे पहले नरेंद्र मोदी 16 फरवरी को हमीरपुर संसदीय सीट के सुजानपुर में एक बड़ी चुनावी रैली कर चुके हैं।
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्र्रेम कुमार धूमल का कहना है कि केंद्रीय नेतृत्व से कहा गया है कि नरेंद्र मोदी की एक एक रैली हर चुनाव क्षेत्र में करवाई जाए। पार्टी पहले चर्चा में थी कि पंजाब के साथ हिमाचल में भी मोदी का दौरा हो जाए, चूंकि पंजाब और हिमाचल में मतदान के बीच काफी समय का अंतर है, इसलिए हिमाचल के लिए नरेंद्र मोदी अंतिम चरण में समय देंगे, ऐसी उम्मीद है। धूमल ने कहा कि नरेंद्र मोदी हिमाचल का कोना कोना घूमे हैं। उन्हें खुद पता है कि किस सीट पर कहां रैली करना सही रहेगा। हिमाचल भाजपा ने आग्रह किया है कि अन्य तीनों सीटों पर वह समय दें। इससे कार्यकर्ताओं में और जोश भरेगा और पार्टी को मोदी लहर को भुनाने में भी आसानी होगी।
