हिमाचल जा रहे हों तो ठगों से रहें सावधान

हिमाचल में आने वाले सैलानियों को ठगने के लिए फर्जी गाइड बिल्कुल तैयार बैठे हैं। सैलानियों से सस्ते पैकेज व होटलों में सस्ते कमरे उपलब्ध करवाने के नाम पर ठगी हो रही है।

सोमवार को टूरिस्ट समर सीजन के पहले दिन फर्जी गाइड रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बाईपास के इर्द-गिर्द सक्रिय रहे।

यहां सैलानियों को सस्ते पैकेज के नाम पर फांसने का इन्होंने पूरा प्रयास किया। हिल्सक्वीन पहुंच रहे सैलानी इन ठगों के निशाने पर हैं।

शहर की सीमा में दाखिल होते ही फर्जी टूरिस्ट गाइड सैलानियों पर डोरे डालना शुरू कर देते हैं। जानकारी के अभाव में सैलानी भी बहकावे में आकर आसानी से इनका शिकार हो रहे हैं।

वहीं, जिला प्रशासन, पुलिस और पर्यटन विभाग मूक दर्शक बनकर तमाशा देख रहा है।

होटलों में कमरा चढ़ाने की एवज में फर्जी गाइड को होटल संचालक पचास से पांच सौ रुपये तक कमीशन दे रहे हैं।

होटल संचालक कमीशन के तौर पर दिए गए पैसे की वसूली भी सैलानियों से कर रहे हैं और मनमाने दामों पर होटलों में कमरे किराये पर चढ़ा रहे हैं। सोमवार को भी शहर में जगह-जगह फर्जी गाइड सैलानियों को घेरते नजर आए।

शुरु होगा चेकिंग अभियान
जिला पर्यटन अधिकारी, शिमला सुरेंद्र जस्टा का कहना है कि सैलानियों से किसी प्रकार की धोखाधड़ी न हो, इसके लिए पर्यटन विभाग चेकिंग अभियान शुरू करेगा।

अभियान में पुलिस विभाग की भी मदद ली जाएगी। बिना आईकार्ड फर्जी तौर पर काम कर रहे टूरिस्ट गाइडों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पांच हजार लिए और मुकर गए
पिछले साल जून में लखनऊ से आए सैलानियों से ठगों ने बस स्टैंड पर होटल में ठहराने व पर्यटन स्थलों की सैर करवाने की एवज में पांच हजार रुपये ले लिए। दूसरे दिन ठग अपने वादे से मुकर गए।

इसके बाद में फर्जी गाइडों द्वारा सैलानियों के साथ की जा रही ठगी की खबरें प्रकाशित होने के बाद पर्यटन विभाग ने 13 जून को कार्रवाई करते हुए दर्जन भर फर्जी गाइड पकड़ लिए।

शिकायत के लिए यहां करें फोन, एसएमएस
सैलानियों के साथ ठगी की कोशिश होने की स्थिति में नजदीकी पुलिस थाने में 100 नंबर पर फोन कर शिकायत की जा सकती है। इसके अलावा 9459-100-100 पर मैसेज भेजकर भी फर्जी गाइडों व ठगों की सूचना दे सकते हैं।

पर्यटन विभाग के पर्यटक सहायता केंद्रों पर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।

Related posts