हिमाचल एक्सप्रेस में फर्जी टीटी पकड़ा

ऊना। दिल्ली से ऊना आ रही हिमाचल एक्सप्रेस रेल में फर्जी टीटी बनकर यात्रियों को ठग रहे एक शख्स को पकड़ लिया गया है। जानकारी के मुताबिक करनाल निवासी एक युवक पिछले कई दिन से हिमाचल एक्सप्रेस में फर्जी टीटी बनकर यात्रियों से अवैध रूप से जुर्माना वसूल रहा था। इस गाड़ी में सफर कर रहे ऊना ग्राहक सुरक्षा समिति के प्रतिनिधि एसके जैन तथा कुछ अन्य लोगों ने संदेह होने पर रेलवे पुलिस को सूचित किया। ट्रेन में यात्रा कर रहे एसके जैन, धीरज शर्मा, अमित उपाध्याय, अनिरुद्ध ठाकुर, दीपक परमार आदि ने बताया कि उन्होंने तथा कुछ अन्य यात्रियों ने फर्जी टीटी के साधारण कपडे़ पहने होने पर उसका आईडी कार्ड मांगा। जिसे वह नहीं दिखा पाया। जिसके बाद घटना की जानकारी रेलवे पुलिस को दी गई। रेलवे पुलिस ने आनंदपुर साहिब में फर्जी टीटी को हिरासत में ले लिया। रेलवे पुलिस आरोपी को नंगल ले आई है। इस मामले में पंजाब और हिमाचल के यात्रियों ने रेलवे के उच्चाधिकारियों से जांच की मांग उठाई है।

Related posts