
शिमला: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में आज सुबह रानसुआ जबरोग गांव के समीप एक बस के 600 फुट गहरे खड्ड में गिर जाने के कारण कम से कम 20 यात्रियों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए। यह बस उछा टक्कर से रेणुका की ओर जा रही थी कि उसी समय जिला मुख्यालय नाहन से करीब 75 किलोमीटर दूर यह हादसा हुआ।
हादसा इतना भयानक था कि बस के टुकड़े टुकड़े हो गए और क्षतिग्रस्त बस में से निकाले गए शव इतनी बुरी तरह क्षत विक्षत हो चुके थे कि उनकी पहचान होना मुश्किल था। संगराह के एसडीएम हरीश नेगी ने बताया कि 20 शवों को निकाल लिया गया है और बाकी शवों को निकालने का काम जारी है। घटनास्थल के आसपास घनी झाडिय़ां होने के कारण शवों को निकालने में दिक्कत आ रही है।
बस में सवार यात्रियों की कुल संख्या का पता नहीं लग सका है लेकिन स्थानीय लोगों ने बताया कि इसमें 20 से अधिक यात्री सवार थे। शवों की पहचान की कोशिश की जा रही है। लगभग सभी यात्री उछा टक्कर, रानसुआ जबरोग और आसपास के गांवों के हैं। हिमाचल प्रदेश की राज्यपाल उर्मिला सिंह, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, परिवहन मंत्री जी एस बाली तथा पूर्व स्पीकर गंगूराम मुसाफिर ने हादसे पर शोक जताया है और मारे गए यात्रियों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की है।
